कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने राज्यों/संघ राज्य क्षेत्रों तथा अन्य सरकारी स्रोत एजेंसियों से प्राप्त सूचना के आधार पर संकलित, बागवानी फसलों के क्षेत्रफल एवं उत्पादन के वर्ष 2025-26 के द्वितीय अग्रिम अनुमान जारी किए हैं। वर्ष 2025-26 में देश में बागवानी का कुल क्षेत्रफल लगभग 301.51 लाख हेक्टेयर रहने का अनुमान है, जो 2024-25 (अंतिम) के 301.36 लाख हेक्टेयर की तुलना में 0.14 लाख हेक्टेयर (0.05%) अधिक है। कुल बागवानी उत्पादन लगभग 3777.76 लाख टन रहने का अनुमान है, जो 2024-25 (अंतिम) की तुलना में 70.39 लाख टन (1.90%) अधिक है। फलों, सब्जियों, फूलों तथा सुगंधित एवं औषधीय पौधों के उत्पादन में वृद्धि हुई है। फलों का उत्पादन 2024-25 के 1176.49 लाख टन से बढ़कर 2025-26 में 1214.75 लाख टन हो गया है, जो 38.26 लाख टन (3.25%) की वृद्धि है तथा इसका कारण केला, आम, पपीता, सेब और अमरूद के उत्पादन में वृद्धि है। सब्जियों का क्षेत्रफल 117.91 से बढ़कर 118.79 लाख हेक्टेयर (0.75%) हुआ है, जबकि सब्जियों का उत्पादन 2177.97 से बढ़कर 2210.00 लाख टन (1.47%) होने का अनुमान है। प्याज का क्षेत्रफल 2.31% बढ़कर 20.14 लाख हेक्टेयर रहने तथा प्याज का उत्पादन 307.37 लाख टन रहने का अनुमान है, जबकि 2024-25 में यह 307.67 लाख टन था। आलू का उत्पादन 598.89 लाख टन (2.25% अधिक) तथा टमाटर का उत्पादन 214.61 लाख टन (4.19% अधिक) रहने का अनुमान है। फूलों का उत्पादन लगभग 7.47% बढ़कर 45.84 लाख टन तथा मसालों का क्षेत्रफल 50.00 लाख हेक्टेयर एवं उत्पादन 126.55 लाख टन रहने का अनुमान है।