भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) ने 12 जून 2026 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में व्यापक बदलाव के लिए रणनीतिक सलाहकार और सुधार कार्यबल — सारथी — की पहली बैठक आयोजित की। इस बैठक की अध्यक्षता कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं शिक्षा राज्य मंत्री श्री जयंत चौधरी ने की। सारथी को देश भर के आईटीआई को मजबूत करने के लिए हितधारकों के बीच व्यवस्थित जुड़ाव बनाने और तथ्य-आधारित नीतिगत विचार-विमर्श का समर्थन करने के उद्देश्य से शिल्पकार प्रशिक्षण योजना (सीटीएस) के तहत एक शीर्ष सलाहकार मंच के रूप में स्थापित किया गया है। इस विचार-विमर्श में कई राज्यों के मंत्रियों ने भाग लिया, जिनमें राजस्थान सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार, युवा मामले एवं खेल, कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता तथा सैनिक कल्याण विभाग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ शामिल थे। गुजरात, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश के मंत्रियों ने भी भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए श्री जयंत चौधरी ने कहा कि सारथी व्यावसायिक शिक्षा की नए सिरे से कल्पना करने और एक ऐसा आईटीआई इकोसिस्टम बनाने की सामूहिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है जो अधिक गतिशील, प्रेरणादायक और बदलते भारत के अवसरों के अनुकूल हो। सदस्यों ने संस्थागत प्रदर्शन और गुणवत्ता आश्वासन में सुधार, मूल्यांकन प्रक्रियाओं को मजबूत करने, दक्षता एवं पारदर्शिता के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग, व्यावसायिक शिक्षा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा शिक्षा, कौशल एवं रोजगार के बीच मजबूत रास्ते बनाने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर एमएसडीई, डीजीटी, एनसीवीईटी, एनएसडीसी, यूजीसी और कौशल विश्वविद्यालयों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।