इंडिया एनर्जी वीक (IEW) 2026 का चौथा संस्करण 27 जनवरी को गोवा स्थित तेल और प्राकृतिक गैस निगम (ONGC) के उन्नत प्रशिक्षण संस्थान में शुरू हुआ। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के तत्वावधान में 27-30 जनवरी तक चले इस चार दिवसीय कार्यक्रम में 700+ प्रदर्शक, 75,000+ प्रतिभागी और 550+ वक्ता शामिल हुए। कुल 120+ सत्र हुए और 12+ अंतरराष्ट्रीय मंडप लगाए गए। इसमें 120+ देशों के लोगों ने भाग लिया।

IEW 2026 में तेल और गैस, नवीकरणीय ऊर्जा, हाइड्रोजन, जैव ईंधन, विद्युतीकरण, डिजिटलीकरण और कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जुड़े क्षेत्रों में ऊर्जा सुरक्षा मज़बूत करने, निवेश को बढ़ावा देने और कार्बन उत्सर्जन घटाने के उपायों पर ध्यान दिया गया। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भारत के ऊर्जा संक्रमण को दुनिया के लिए एक उदाहरण बताया। उन्होंने भारत को तीसरा सबसे बड़ा ऊर्जा उपभोक्ता और सबसे तेज़ी से बढ़ने वाला प्रमुख ऊर्जा बाज़ार भी बताया।