इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2025 में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के 6G विज़न, सेमीकंडक्टर निर्माण और क्वांटम संचार जैसे प्रमुख तकनीकी विषयों पर बात की। भारत ने 2030 तक 6G नेटवर्क तैनात करने वाले पहले देशों में शामिल होने का लक्ष्य रखा है। इंडिया मोबाइल कांग्रेस के एस्पायर कार्यक्रम ने लाइव पिचिंग सत्रों के लिए 500 से अधिक स्टार्टअप को 300 से अधिक निवेशकों से जोड़ा।

कार्यक्रम में प्रकाशीय संचार, सेमीकंडक्टर क्षेत्र के विकास, दूरसंचार क्षेत्र में धोखाधड़ी का जोखिम बताने वाले संकेतकों और अगली पीढ़ी की कनेक्टिविटी पर मुख्य रूप से चर्चा हुई। भारत के दूरसंचार क्षेत्र ने तेज़ी से प्रगति की है। देश में 120 करोड़ से अधिक मोबाइल उपयोगकर्ता हैं और मोबाइल डेटा दुनिया में सबसे कम दरों पर उपलब्ध है। प्रधानमंत्री ने इस बात पर ज़ोर दिया कि UPI और आधार सहित डिजिटल सार्वजनिक ढाँचे के भारतीय मॉडल को दुनिया भर में अपनाया जा रहा है।