केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने 27 जून 2026 को गांधीनगर के महात्मा मंदिर कन्वेंशन एवं एग्जीबिशन सेंटर से देश की पहली सहकारिता आधारित टैक्सी सेवा "भारत टैक्सी" का शुभारंभ किया। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "सहकार से समृद्धि" के विजन को परिवहन एवं मोबिलिटी क्षेत्र तक विस्तार देती है। "सारथी ही मालिक" के सिद्धांत पर आधारित भारत टैक्सी देश की पहली चालक-स्वामित्व वाली राइड-हेलिंग सेवा है, जिसमें टैक्सी चालक केवल सेवा प्रदाता नहीं, बल्कि प्लेटफॉर्म के सहभागी और स्वामी भी हैं, जिससे उन्हें आर्थिक सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा और स्वामित्व का लाभ मिलता है। यह प्लेटफॉर्म सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड द्वारा देश की 8 प्रमुख सहकारी संस्थाओं — एनसीडीसी, जीसीएमएमएफ (अमूल), एनडीडीबी, नाफेड, इफको, कृभको, नाबार्ड और एनसीईएल — के सहयोग से संचालित है। बहु-राज्य सहकारी समितियां अधिनियम, 2002 के अंतर्गत पंजीकृत यह सेवा 6 जून 2025 को स्थापित हुई और दिसंबर 2025 में गुजरात में इसका सॉफ्ट-लांच हुआ। भारत टैक्सी शून्य-कमीशन एवं सर्ज-फ्री प्राइसिंग मॉडल पर संचालित होती है, जिससे आय का अधिकतम लाभ सीधे सारथियों तक पहुंचता है तथा उन्हें बीमा, ऋण, पेंशन एवं सरकारी सामाजिक योजनाओं का लाभ भी मिलता है। देशभर में 7 लाख से अधिक सारथी और 37 लाख से अधिक ग्राहक इससे जुड़ चुके हैं, जिनमें अकेले गुजरात से 1.5 लाख से अधिक सारथी शामिल हैं तथा प्रतिदिन 3,500 से अधिक राइड्स पूरी की जा रही हैं। यह सेवा गुजरात के 14 प्रमुख शहरों में शुरू की गई, एक माह में पूरे राज्य तथा आगे सभी राज्यों एवं प्रमुख शहरों में विस्तार का लक्ष्य है।