संयुक्त सैन्य अभ्यास 'मित्र शक्ति-2025' का 11वाँ संस्करण 10 नवंबर 2025 को कर्नाटक के बेलगावी स्थित विदेशी प्रशिक्षण केंद्र में शुरू हुआ। यह अभ्यास 10 से 23 नवंबर 2025 तक चलेगा और इसमें 170 भारतीय तथा 135 श्रीलंकाई सैन्यकर्मी भाग ले रहे हैं।

भारतीय दल में मुख्यतः राजपूत रेजिमेंट के सैन्यकर्मी हैं, जबकि श्रीलंका की ओर से गजबा रेजिमेंट के सैन्यकर्मी शामिल हैं। दोनों देशों की वायु सेनाओं के कर्मी भी भाग ले रहे हैं—भारतीय वायु सेना के 20 और श्रीलंकाई वायु सेना के 10। अभ्यास में संयुक्त राष्ट्र के अधिदेश के अध्याय 7 के तहत उप-पारंपरिक अभियानों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें आतंकवाद-रोधी कार्रवाइयाँ, छापे और हेलीबोर्न अभियान शामिल हैं। ड्रोन और ड्रोन-रोधी प्रणालियों के इस्तेमाल का प्रशिक्षण भी इसका हिस्सा है।