भारत ने 6 से 10 जुलाई 2026 तक नई दिल्ली के वाणिज्य भवन में 13वीं आसियान-भारत व्यापार समझौता संयुक्त समिति और संबंधित बैठकों की मेजबानी की। इन बैठकों में आसियान-भारत व्यापार समझौता (एआईटीआईजीए) समीक्षा के तहत वार्ताओं की प्रगति की समीक्षा की गई और बैठकें हाइब्रिड प्रारूप में हुईं। एआईटीआईजीए संयुक्त समिति के तहत आने वाली 8 उप-समितियों में से 3 की बैठकें 13वीं संयुक्त समिति बैठक के दौरान समानांतर रूप से हुईं: सीमा शुल्क प्रक्रिया एवं व्यापार सुगमता उप-समिति, राष्ट्रीय व्यवहार एवं बाजार पहुंच उप-समिति और उत्पत्ति नियम उप-समिति। संयुक्त समिति ने इन उप-समितियों को उनके संबंधित कार्यक्षेत्रों में रणनीतिक मार्गदर्शन दिया और लंबित समीक्षा अध्यायों को अंतिम रूप देने में तेजी लाने का आग्रह किया। वार्ता की गति बनाए रखने के लिए उप-समितियों को समयबद्ध काम सौंपे गए और उन्हें सहमत समयसीमा के भीतर ठोस परिणामों के लिए मिलकर काम करने को प्रोत्साहित किया गया। 7 जुलाई 2026 को हुई 13वीं एआईटीआईजीए संयुक्त समिति बैठक की सह-अध्यक्षता वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के वाणिज्य विभाग के अपर सचिव नितिन कुमार यादव और मलेशिया के निवेश, व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय की उप महासचिव मस्तुरा अहमद मुस्तफा ने की। आसियान के सभी सदस्य देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने भाग लिया। आसियान भारत के प्रमुख व्यापारिक साझेदारों में से एक है, जिसकी भारत के वैश्विक व्यापार में लगभग 11 प्रतिशत हिस्सेदारी है। भारत और आसियान के बीच द्विपक्षीय व्यापार 2025-26 में 128 अरब डॉलर तक पहुंच गया।