भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 के अंतर्गत आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित 13वें ब्रिक्स शहरीकरण फोरम का नई दिल्ली स्थित सुषमा स्वराज भवन में शुभारंभ हुआ। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल ने इस दो दिवसीय फोरम का औपचारिक उद्घाटन किया। इसमें ब्राज़ील, रूस, इंडोनेशिया, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान तथा संयुक्त अरब अमीरात के मंत्री, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी और शहरी विकास विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं। भारत चौथी बार इस फोरम की मेजबानी कर रहा है, इससे पूर्व वर्ष 2013 में नई दिल्ली, वर्ष 2016 में विशाखापत्तनम तथा वर्ष 2021 में वर्चुअल माध्यम से इसका आयोजन हो चुका है। इस वर्ष फोरम का विषय 'जन-केंद्रित शहर: समावेशी एवं लचीले शहरी भविष्य के लिए ब्रिक्स सहयोग' है। श्री मनोहर लाल ने समावेशी शहरी विकास, जलवायु एवं आपदा-प्रतिरोधी अवसंरचना, संस्थागत सुदृढ़ीकरण तथा डिजिटल नवाचार को भारत की विकास यात्रा के प्रमुख आधार स्तंभ बताया। उद्घाटन सत्र के दौरान उन्होंने 'इंडियाज अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन: स्टोरीज़ ऑफ चेंज' नामक प्रकाशन का विमोचन किया, जिसमें राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की चयनित शहरी पहलों को संकलित किया गया है। फोरम के इतर भारत और रूसी संघ के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई, जिसकी सह-अध्यक्षता राज्य मंत्री श्री तोखन साहू तथा रूसी उपमंत्री श्री यूरी मुत्सेनेक ने की, जिसमें सतत शहरी विकास पर प्रस्तावित समझौता ज्ञापन की प्रगति की समीक्षा की गई। ईरान-रूस, ईरान-चीन तथा रूस-संयुक्त अरब अमीरात के बीच भी द्विपक्षीय बैठकें हुईं। प्रतिनिधिमंडलों ने नई दिल्ली में नया संसद परिसर तथा इंडिया गेट-कर्तव्य पथ क्षेत्र सहित शहरी पहलों का भ्रमण किया।