21 मई 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इटली के रोम स्थित एफएओ मुख्यालय में संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) द्वारा वर्ष 2026 का प्रतिष्ठित एग्रीकोला पदक प्रदान किया गया। यह पुरस्कार एफएओ के महानिदेशक डॉ. क्यू डोंग्यू ने एफएओ मुख्यालय के ऐतिहासिक प्लेनरी हॉल में आयोजित समारोह में प्रदान किया। एग्रीकोला पदक एफएओ का सर्वोच्च सम्मान है। यह उन राष्ट्रीय नेताओं को दिया जाता है जिन्होंने वैश्विक खाद्य सुरक्षा, भुखमरी उन्मूलन, गरीबी में कमी तथा सतत कृषि और ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने में उत्कृष्ट योगदान दिया हो। यह सम्मान प्रधानमंत्री के भारत में और वैश्विक स्तर पर खाद्य सुरक्षा, सतत कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में असाधारण नेतृत्व की मान्यता के रूप में प्रदान किया गया। महत्वपूर्ण बात यह है कि यह यात्रा लगभग तीन दशकों में किसी भारतीय शासनाध्यक्ष की एफएओ मुख्यालय की पहली यात्रा रही। पुरस्कार स्वीकार करते हुए प्रधानमंत्री ने इस सम्मान को भारत के किसानों और देश के कृषि वैज्ञानिक समुदाय को समर्पित किया, जो भारत और दुनिया भर के लोगों के लिए खाद्य सुरक्षा और पोषण सुनिश्चित करने के लिए अथक परिश्रम करते हैं। उन्होंने इस पदक को भारत की मानव कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया। यह मान्यता भारत के खाद्यान्न, दूध, दलहन और बागवानी फसलों के अग्रणी उत्पादक के रूप में हुए रूपांतरण को रेखांकित करती है और वैश्विक कृषि सहयोग में देश की बढ़ती भूमिका को दर्शाती है। इस यात्रा ने भुखमरी मिटाने और दुनिया भर में पोषण सुधारने के लिए कार्यरत संयुक्त राष्ट्र की प्रमुख विशेष एजेंसी एफएओ के साथ भारत के संबंधों को और मजबूत किया।