राजस्थान विधानसभा में एक संबोधन के दौरान खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने सीकर जिले की खंडेला तहसील में यूरेनियम खनन परियोजना की जानकारी दी। यूरेनियम कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (UCIL) इस परियोजना में लगभग ₹3,000 करोड़ का निवेश करेगी। इससे 1,623 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे, जिनमें से 80% स्थानीय निवासियों के लिए आरक्षित होंगे।

खंडेला के रोहिल में 1,086.46 हेक्टेयर क्षेत्र में यूरेनियम और संबद्ध खनिजों के विशाल भंडार मिले हैं। झारखंड और आंध्र प्रदेश के बाद राजस्थान तीसरा राज्य बना है, जहाँ व्यावसायिक स्तर पर यूरेनियम भंडार मिले हैं। राजस्थान सरकार ने UCIL को खनन कार्यों के लिए आशय पत्र जारी किया है। यह परियोजना भारत की परमाणु ईंधन सुरक्षा को मज़बूत करेगी और राजस्थान में बनने वाले माही-बांसवाड़ा परमाणु ऊर्जा संयंत्र के लिए भी महत्वपूर्ण है।