अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को केंद्रीय रेल, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव बीकानेर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे बीकानेर से साबरमती के बीच शुरू होने वाली नई रेल सेवा का लोकार्पण कर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भी शामिल होंगे। रेलवे अधिकारियों के अनुसार रेल मंत्री के दौरे की पुष्टि हो चुकी है, हालांकि उनका विस्तृत कार्यक्रम अभी जारी नहीं किया गया है। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत वे विभिन्न सरकारी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने के साथ-साथ कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी हिस्सा ले सकते हैं। जानकारी के मुताबिक वे डूंगर कॉलेज परिसर स्थित नाइलिट (NIELIT) केंद्र का भी दौरा कर सकते हैं, जो इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अधीन संचालित होता है। इसके अलावा वे करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य समारोह में भाग लेकर योगाभ्यास करेंगे। रेल मंत्री के प्रस्तावित दौरे के साथ ही शहर की बहुप्रतीक्षित कोटगेट-सांखला फाटक अंडरपास परियोजना एक बार फिर चर्चा में आ गई है, तथा रेलवे और प्रशासनिक हलकों में अटकलें हैं कि इस परियोजना का उद्घाटन भी इसी दौरे के दौरान हो सकता है; हालांकि अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। इससे पहले अश्विनी वैष्णव मई 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पलाना दौरे के दौरान बीकानेर आए थे। नई रेल सेवा से यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, वहीं क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलने की संभावना है।