भारत-ब्रिटेन संयुक्त सैन्य अभ्यास 'अजेय वॉरियर-25' का 8वाँ संस्करण 17 नवंबर 2025 को राजस्थान के महाजन फील्ड फायरिंग रेंज स्थित विदेशी प्रशिक्षण केंद्र में शुरू हुआ। 14 दिन का यह द्विपक्षीय अभ्यास 17 से 30 नवंबर तक चलेगा। इसमें दोनों सेनाओं से बराबर संख्या में कुल 240 सैन्यकर्मी भाग ले रहे हैं।

भारतीय सेना का प्रतिनिधित्व सिख रेजिमेंट के सैनिक कर रहे हैं। यह अभ्यास संयुक्त राष्ट्र के अध्याय VII के जनादेश के तहत अर्ध-शहरी इलाकों में आतंकवाद-रोधी अभियानों पर केंद्रित है। प्रशिक्षण में दोनों सेनाएँ ब्रिगेड स्तर पर मिलकर मिशन की योजना बनाएंगी, एकीकृत सामरिक अभ्यास करेंगी, सिमुलेशन के ज़रिए अलग-अलग परिस्थितियों का अभ्यास करेंगी और कंपनी स्तर पर मैदानी प्रशिक्षण लेंगी। 2011 से हर दो साल में होने वाला अजेय वॉरियर भारत-ब्रिटेन सैन्य सहयोग का प्रमुख अभ्यास है।