केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल मंत्री डॉ मनसुख मांडविया ने 29 मई 2026 को शिलांग मेघालय की तीन दिवसीय यात्रा शुरू की। इस यात्रा का उद्देश्य 39वें राष्ट्रीय खेल 2026 की तैयारियों की व्यापक समीक्षा करना है, जिनकी मेजबानी मेघालय अन्य पूर्वोत्तर राज्यों के साथ करेगा। यात्रा के दौरान केंद्रीय मंत्री मेघालय सरकार, भारतीय ओलंपिक संघ, भारतीय खेल प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों और पूर्वोत्तर राज्यों के प्रतिनिधियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसमें अवसंरचना की तैयारी, खिलाड़ियों के आवास, डोपिंग-रोधी प्रोटोकॉल, प्रसारण और लॉजिस्टिक्स का आकलन किया जाएगा। 30 मई 2026 को डॉ मांडविया मेघालय के मुख्यमंत्री श्री कॉनराड के संगमा के साथ शिलांग में 132.9 करोड़ रुपये की परियोजना लागत से विकसित एकीकृत बहुउद्देशीय इनडोर खेल परिसर का संयुक्त रूप से उद्घाटन करेंगे। इस अत्याधुनिक सुविधा को बास्केटबॉल, बैडमिंटन और वॉलीबॉल जैसे खेलों के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय मानकों वाले अन्य इनडोर खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए तैयार किया गया है। यह राष्ट्रीय खेलों से पहले प्रमुख प्रशिक्षण स्थल के रूप में भी काम करेगा। केंद्रीय मंत्री खेलो इंडिया योजना और केंद्र प्रायोजित खेल योजनाओं के तहत चल रहे खेल अवसंरचना विकास की समीक्षा के लिए जलीय और टेनिस सुविधाओं सहित उमसवली खेल परिसर का भी निरीक्षण करेंगे। वे पूर्वोत्तर के हितधारकों के साथ युवा कार्य विभाग के चिंतन शिविर में भी भाग लेंगे, जिसमें मेरा युवा भारत के अगले चरण, राष्ट्रीय युवा नीति रोडमैप, विजन 2047 युवा सशक्तिकरण ढांचे और 2030 युवा ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत की तैयारी पर विचार-विमर्श किया जाएगा।