अति विशिष्ट सेवा मेडल और वायु सेना मेडल से सम्मानित एयर मार्शल जसवीर सिंह मान ने 1 जुलाई 2026 को भारतीय वायु सेना की दक्षिणी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (एओसी-इन-सी) के रूप में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उन्हें दक्षिणी वायु कमान के मुख्यालय में औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। 16 दिसंबर 1989 को भारतीय वायु सेना की लड़ाकू शाखा में कमीशन प्राप्त करने वाले इस अधिकारी ने रक्षा सेवा स्टाफ कॉलेज तथा हायर एयर कमांड से अध्ययन किया है और लंदन (यूनाइटेड किंगडम) स्थित रॉयल कॉलेज ऑफ डिफेंस स्टडीज से स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की है। वे एक योग्य पायलट अटैक इंस्ट्रक्टर हैं और उन्होंने अपाचे, मिग-21, जगुआर, मिग-29, एसयू-30 तथा राफेल जैसे विभिन्न विमानों पर तीन हजार घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव प्राप्त किया है। लगभग चार दशकों के अपने शानदार सेवा करियर में उन्होंने एक लड़ाकू स्क्वाड्रन की कमान संभाली तथा एक प्रमुख लड़ाकू अड्डे के एयर ऑफिसर कमांडिंग के रूप में कार्य किया। उन्होंने वायु रक्षा कमांडर और एक कमान में प्रशासन प्रभारी वरिष्ठ अधिकारी सहित महत्वपूर्ण कमान एवं स्टाफ पदों पर कार्य किया है। वायु मुख्यालय में उन्होंने असिस्टेंट चीफ ऑफ एयर स्टाफ ऑपरेशन्स (ऑफेंसिव) तथा महानिदेशक (हथियार प्रणाली) के पद संभाले। वर्तमान नियुक्ति से पूर्व वे पश्चिमी वायु कमान में वरिष्ठ वायु स्टाफ अधिकारी थे। उन्होंने उत्तम युद्ध सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल और वायु सेना मेडल से सम्मानित एयर मार्शल मनीष खन्ना का स्थान लिया है, जो चार दशकों की सेवा के बाद 30 जून 2026 को सेवानिवृत्त हुए।