सरकार ने वर्तमान सेना उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ, पीवीएसएम, यूवाईएसएम, एवीएसएम को 30 जून, 2026 की दोपहर से अगला सेना प्रमुख नियुक्त किया है। मौजूदा सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, पीवीएसएम, एवीएसएम उसी दिन सेवानिवृत्त हो रहे हैं। लेफ्टिनेंट जनरल सेठ राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खड़कवासला के पूर्व छात्र हैं और दिसंबर 1986 में बख्तरबंद कोर में कमीशन प्राप्त किया था। लगभग चार दशकों के अपने विशिष्ट करियर में उन्होंने परिचालन, रणनीतिक, क्षमता विकास और संस्थागत क्षेत्रों में व्यापक अनुभव अर्जित किया है, जिससे भारतीय सेना की युद्ध क्षमता और दीर्घकालिक परिवर्तन में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने विभिन्न अभियानों में हर स्तर पर कमान संभाली है। उनके कमान कार्यभार में रेगिस्तानी क्षेत्र में एक बख्तरबंद रेजिमेंट, पश्चिमी मोर्चे पर एक बख्तरबंद ब्रिगेड और जम्मू-कश्मीर में एक आतंकवाद-विरोधी बल शामिल हैं। लेफ्टिनेंट जनरल के रूप में उन्होंने भारतीय सेना की प्रमुख स्ट्राइक फॉर्मेशन सुदर्शन चक्र कोर की कमान संभाली और दिल्ली क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग के रूप में कार्य किया। सेना कमांडर के पद पर पदोन्नत होने पर उन्होंने दक्षिण पश्चिमी कमान और दक्षिणी कमान दोनों की कमान संभाली तथा ढाई वर्षों से अधिक समय तक महत्वपूर्ण मोर्चों पर रणनीतिक पर्यवेक्षण प्रदान किया। वे उच्च कमान पाठ्यक्रम और राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय के स्नातक हैं तथा पेरिस में आयोजित प्रतिष्ठित कमांड एंड स्टाफ कोर्स में भी सम्मिलित हुए।