राष्ट्रीय स्तर का हैकाथॉन "स्टेटाथन - विकसित भारत के लिए एक डेटा यात्रा" सफलतापूर्वक संपन्न हो गया, जिसमें देशभर से युवा नवोन्मेषकों ने भाग लिया और आधिकारिक सांख्यिकी से संबंधित चुनौतियों के लिए डेटा-आधारित समाधान विकसित किए। इसका आयोजन राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO), भारत ने शिक्षा मंत्रालय के नवोन्मेष प्रकोष्ठ के सहयोग से किया। ग्रैंड फिनाले में 25 टीमों ने भाग लिया और प्रतिभागियों ने आधिकारिक सांख्यिकी के विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित पाँच चुनौतियों पर कार्य किया। प्रत्येक श्रेणी में दो पुरस्कार प्रदान किए गए। पहली श्रेणी में महाराष्ट्र की स्टार्ट-अप कंपनी एरावत टेक्नोलॉजीज ने शीर्ष पुरस्कार प्राप्त किया, जबकि इसके बाद तमिलनाडु के श्री साईराम इंजीनियरिंग कॉलेज का स्थान रहा। दूसरी श्रेणी में तेलंगाना के भारत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी और तमिलनाडु के श्री रामकृष्ण कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड साइंस ने क्रमशः प्रथम और द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किए। तीसरी श्रेणी में ओडिशा स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल एजुकेशन एंड रिसर्च (फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी) विजेता रहा, जबकि तमिलनाडु का आर.एम.के. इंजीनियरिंग कॉलेज उपविजेता रहा। चौथी श्रेणी में दिल्ली स्थित भगवान परशुराम इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी तथा तमिलनाडु के चेन्नई इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी क्रमशः विजेता और उपविजेता रहे। पाँचवीं श्रेणी में हरियाणा के जय प्रकाश मुकंद लाल इनोवेटिव इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी इंस्टीट्यूट ने प्रथम पुरस्कार जीता, जबकि तमिलनाडु के कोयंबटूर स्थित कॉन्गु इंजीनियरिंग कॉलेज और एक स्टार्टअप मैट्रिक्स लैब्स ने संयुक्त रूप से उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) के सचिव डॉ. सौरभ गर्ग ने 19 जून 2026 को महानिदेशकों तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में विजेताओं से संवाद किया। महानिदेशक (डेटा गवर्नेंस) श्री पी.आर. मेश्राम ने विजेता टीमों को बधाई दी और प्रतिभागियों को नवाचार जारी रखने तथा वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए अपने कौशल का उपयोग करने हेतु प्रोत्साहित किया।