राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग ने उदयपुर जिले के नगरीय निकाय चुनाव 2026 का कार्यक्रम जारी कर दिया है। जिले में उदयपुर नगर निगम तथा मावली, वल्लभनगर, भींडर, फतेहनगर-सनवाड़ और कानोड़ नगरपालिकाओं सहित छह निकायों में चुनाव होंगे। इन निकायों में कुल 4,72,609 मतदाता हैं, जिनमें से 4,15,672 मतदाता उदयपुर नगर निगम में हैं।
चुनाव की अधिसूचना 27 अगस्त को जारी होगी। नामांकन की अंतिम तिथि 31 अगस्त है। नामांकन पत्रों की जांच 1 सितंबर को होगी और 3 सितंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। चुनाव चिह्न 4 सितंबर को आवंटित किए जाएंगे। पार्षद पदों के लिए मतदान 9 और 11 सितंबर 2026 को होगा, जबकि मतगणना 14 सितंबर को कराई जाएगी।
महापौर और अन्य निकाय प्रमुखों के चुनाव की अलग अधिसूचना 15 सितंबर को जारी होगी। नामांकन 16 सितंबर तक होंगे, उनकी जांच 17 सितंबर को होगी तथा नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन 18 सितंबर को किया जाएगा। इन पदों के लिए मतदान 21 सितंबर को होगा और मतदान समाप्त होते ही मतगणना कराई जाएगी।
उपमहापौर, उपसभापति और नगरपालिका उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए 22 सितंबर को सुबह 10 बजे साधारण सभा की बैठक होगी। नामांकन सुबह 11 बजे तक, जांच 11:30 बजे तक और नाम वापसी दोपहर 2 बजे तक होगी। मतदान दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा और इसके तुरंत बाद मतगणना होगी। नगर निगम के वार्ड 78 में सर्वाधिक 8,466 और वार्ड 77 में सबसे कम 2,468 मतदाता हैं। नामांकन की अंतिम तिथि से 10 दिन पहले तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने या नाम हटाने के आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
