थल सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ 17 से 19 अगस्त 2026 तक नेपाल की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। इस यात्रा का उद्देश्य भारत और नेपाल के बीच रक्षा सहयोग को और मज़बूत करना तथा दोनों देशों की सेनाओं के बीच आपसी संबंधों, सहयोग और समन्वय को सुदृढ़ करना है।
17 अगस्त 2026 को थल सेनाध्यक्ष टुंडीखेल स्थित आर्मी पैविलियन में पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद नेपाली सेना मुख्यालय में उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ़ ऑनर दिया जाएगा। वे नेपाली सेना के चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ से बातचीत करेंगे और सैन्य संचालन महानिदेशक से आपसी हित के मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। उसी दिन बाद में जनरल धीरज सेठ राष्ट्रपति भवन में आयोजित सम्मान समारोह में शामिल होंगे। भारत और नेपाल की सेनाओं के बीच चली आ रही विशेष परंपरा के तहत नेपाल के माननीय राष्ट्रपति श्री रामचंद्र पौडेल उन्हें नेपाली सेना के मानद जनरल पद से सम्मानित करेंगे।
18 अगस्त 2026 को जनरल धीरज सेठ शिवपुरी स्थित आर्मी कमांड एंड स्टाफ कॉलेज के प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करेंगे। वे प्रशिक्षकों और विदेशी प्रशिक्षु अधिकारियों से भी संवाद करेंगे तथा आपसी हित से जुड़े मुद्दों पर नेपाल के वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों से बातचीत करेंगे।
19 अगस्त 2026 को वे पोखरा में पूर्व सैनिक रैली में शामिल होंगे। इस दौरान वे वीर नारियों और वीरता पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित करेंगे तथा भारतीय सेना के पूर्व सैनिकों से संवाद करेंगे। इसके बाद वे उसी दिन स्वदेश लौट आएंगे।
भारत और नेपाल सदियों पुराने ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संबंधों से जुड़े पड़ोसी देश हैं। रोटी-बेटी का रिश्ता तथा जनकपुर-अयोध्या और लुम्बिनी-बोधगया का आध्यात्मिक-सांस्कृतिक जुड़ाव दोनों देशों के लोगों को गहरे रिश्तों में बाँधता है। दोनों देशों की साझेदारी साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, आपसी विश्वास और क्षेत्र में शांति, स्थिरता तथा समृद्धि के साझा हितों पर टिकी है। यह यात्रा ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सैन्य संबंधों को और विस्तार देगी तथा सेनाओं के बीच सहयोग के नए अवसर खोलेगी।
